धनबाद(DHANBAD):मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव गुरुवार को भी देखने को मिला। सुबह में खिली धूप निकली। लेकिन, 12 बजे बादलों की आवाजाही होने लगीं। बादल गरजने लगे और बिजली चमकने लगी। दोपहर के करीब 1:30 बजे विभित्र इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब तीन घंटे तक हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा जारी रही। लगभग 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कहीं-कहीं पर तेज बारिश भी देखने को मिली। इधर, लगातार बारिश से अधिकतम तापमान भी तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अधिकतम 30 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोगों ने उमस और गर्मी महसूस की..
15 को धनबाद में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 17 सितंबर तक हर दिन बारिश की संभावना जताई है। वहीं 15 सितंबर को धनबाद सहित आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश के भी आसार हैं। उमस बढ़ते ही दोपहर बाद बारिश की संभावना है। तेज हवाओं का झोंका भी देखने को मिल सकता है। इसको लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इधर, पिछले 24 घंटों में गोविंदपुर में 14 मिमी, सिंदरी में 10 मिमी और पुटकी में 8.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले में 1 जून से अब तक 1235.5 मिमी बारिश हो चुकी है। यह सामान्य वर्षापात 922.1 मिमी से 34 प्रतिशत अधिक है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट
