
धनबाद(DHANBAD): जोड़ाफाटक रोड़ स्थित आशीर्वाद टावर फ्लैट परिसर में गुरुवार की देर रात साढ़े बारह बजे उस समय हड़कंप मच गया जब तीन संदिग्ध युवक गार्ड को यह कहकर अंदर घुस गए कि उन्हें “रंगाटांड़ वाले किशन” के घर जाना है। गार्ड ने बिना किसी पूछताछ के उन्हें गेट से अंदर प्रवेश दे दिया। इसके बाद तीनों युवक A-Block के पांचवें तल पर स्थित केशव अरोड़ा क़े फ्लैट संख्या A-2 के बाहर पहुंचे और वहां बेल बजाने के साथ-साथ दरवाज़े को ज़ोर-ज़बरदस्ती से धक्का देने लगे। भीतर से पूछने पर उन्होंने दावा किया कि यह किशन का फ्लैट है और वे दरवाज़ा खोलकर देखने आए हैं। विरोध करने पर भी युवक दरवाज़ा खोलने का दबाव बनाते रहे।
जब उन्हें दरवाज़ा नहीं खोला गया, तो तीनों युवक नीचे बेसमेंट में पहुंच गए और वहां खड़ी सुबोध लाल की कार का नंबर प्लेट तोड़कर वाहन के ऊपर रख दिया। हैरानी की बात यह रही कि ड्यूटी पर मौजूद दोनों गार्ड इस पूरी घटना को देखते रहे, लेकिन उन्होंने न उन्हें रोका और न ही किसी अधिकारी या निवासी को सूचना दी। इसके बाद युवकों ने लिफ्ट में और पांचवें तल के फ्लैट के बाहर थूक कर गंदगी फैलाई और फिर कार में बैठकर परिसर से फरार हो गए।
इसके बाद केशव अरोड़ा नें सोसाइटी क़े अध्यछ मुकेश अरोड़ा को सूचना दी सुचना मिलते ही फ्लैट के सदस्यों ने , हरबजन सिंह , सुबोध लाल , रोहित खरकिया , शेखर और मधु को जानकारी दी। तत्पश्चात बैंक मोड़ थाना को फोन कर घटना की शिकायत की गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और लिफ्ट, बेसमेंट व कार की स्थिति का निरीक्षण किया। जांच में यह सामने आया कि किशन, सुबोध के पुत्र का नाम है। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ये युवक कौन थे और किस इरादे से आए थे। थाने ने वीडियो सबूत लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराने को कहा है।
घटना के बाद परिसर के निवासियों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है। कई सदस्यों ने आशंका जताई कि युवकों के हाव-भाव से ऐसा लग रहा था कि वे किसी गंभीर वारदात की मंशा से आए थे।
कार्यकारिणी सदस्यों ने बताया कि यदि उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो मामला एसपी स्तर तक ले जाया जाएगा और गार्ड कंपनी बदलने पर भी सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

