जेल में बंद सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया के पास करोड़ों की संपत्ति! Police जांच में बड़ा खुलासा …

जेल में बंद सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया के पास करोड़ों की संपत्ति! Police जांच में बड़ा खुलासा …

रांची(RANCHI): झारखंड पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति होने का पता चला है। पुलिस के अनुसार, इन संपत्तियों का ज्यादातर हिस्सा रंगदारी और वसूली के पैसों से खरीदा गया है।

रिया सिन्हा ने पुलिस पूछताछ में खुद यह स्वीकार किया है कि रांची के अरगोड़ा स्थित ग्लोबल अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर फ्लैट नंबर B-05 उसी के नाम पर है। उसने बताया कि यह फ्लैट अब तक रजिस्ट्री नहीं हुआ है, लेकिन 50 लाख रुपये बिल्डर को दिये जा चुके हैं, जबकि 30 लाख रुपये अभी बाकी हैं।

रिया ने साफ कहा कि फ्लैट की रकम सुजीत सिन्हा द्वारा वसूली गयी रंगदारी  से दी गयी थी। जांच में यह भी सामने आया कि ओरमांझी के डहू में उसकी 10 डिसमिल जमीन पर एक अर्द्धनिर्मित मकान भी है। यह जमीन संबंधित बिल्डर ने रंगदारी के रूप में दी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह बिल्डर उस इलाके में जमीन का काम कर रहा था, जिसमें 22 डिसमिल जमीन सुभाष चंद्र की थी। रास्ता क्लियर कराने के लिए बिल्डर ने रिया से संपर्क किया था। तब रिया ने प्रति डिसमिल 30 हजार रुपये रंगदारी मांगी। बाद में सुजीत सिन्हा ने सुभाष चंद्र को धमकाकर मामला “मैनेज” कराया।

इस रकम की वसूली पहले जिशान खान उर्फ रिक्की करता था, लेकिन बाद में घपले के कारण यह जिम्मेदारी विक्की वर्मा और आयुष राज को दे दी गई। रिया ने यह भी बताया कि उसकी मां ने भी सुजीत सिन्हा द्वारा वसूले गये पैसों को जमीन कारोबार में निवेश किया था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रिया ने पुलिस को बताया कि उसकी काठमांडू स्थित रॉयल एंपायर बुटिक होटल में क्षीतिज मुनन नामक व्यक्ति के साथ साझेदारी है। इसके अलावा, उसके पास दो कारें और एक स्कूटी भी हैं।

रिया ने यह भी स्वीकार किया कि एक और बिल्डर के कई काम वह सुजीत सिन्हा के प्रभाव का इस्तेमाल कर मैनेज कराती थी। पुलिस को अब नेपाल और झारखंड के बीच इस नेटवर्क की आर्थिक कड़ियों की जांच की जिम्मेदारी दी गई है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *