धनबाद(DHANBAD): धनबाद जेल में छापेमारी के दौरान जब्त मोबाइल से दुबई में बैठे वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान से बातचीत होती थी। प्रिंस खान के दोनों भाई बंटी खान उर्फ जियाउल हक, गोडविन खान उर्फ शौकत अली मोबाइल पर वर्चुअल कॉल करते थे। मोबाइल में प्रिंस खान से नियमित बातचीत के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। स्थानीय स्तर पर भी मोबाइल से लगातार बातचीत होती थी। इस मामले में कार्यपालक दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे के बयान पर बंटी और गोडविन सहित पांच लोगों के खिलाफ धनबाद थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।
मनातु के अफजल अंसारी, पूर्वी टुंडी के इमाम अंसारी और वासेपुर कलाली बगान निवासी मोजबीन अंसारी उर्फ हीरा ड्राइवर को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में बताया गया है कि छापेमारी के दौरान सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार तथा हवलदार धर्मेंद्र सक्सेना जेल के सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर रहे थे। राकेश ने हवलदार धर्मेंद्र को बताया कि बंटी खान मोबाइल से बात कर रहा है तथा पुलिस के आने की सूचना पर एक व्यक्ति बाथरूम में मोबाइल छिपा रहा है। इसके बाद बैंक मोड़ थाना प्रभारी लव कुमार और एसआई आशीष भारती की सहायता से जेल के सी ब्लॉक के वार्ड नंबर तीन के शौचालय की तलाशी लेने पर पाया गया कि फ्लश के अंदर कपड़ा के थैला के अंदर प्लास्टिक में लपेट कर तीन मोबाइल रखे हुए थे। थैला को खोलकर देखने पर तीन स्मार्टफोन मिले।
बंटी ने किया स्वीकार- पुलिस के आने की सूचना पर अफजल ने छिपाया फोन
छापेमारी टीम ने जेल में बंटी और गोडविन से सख्ती से पूछताछ की। एफआईआर में मजिस्ट्रेट ने बताया कि बंटी खान ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि पुलिस के आने की सूचना पर उसके साथी अफजल अंसारी ने तीनों मोबाइल को पॉलिथीन में पैक कर लिया तथा मोजबीन हुसैन और इमाम अंसारी ने पॉलिथीन को शौचालय के फ्लश में छिपा कर रख दिया।
अफजल को एटीएस ने पकड़ कर भेजा था जेल
जेल में बंटी और गोडविन का सेवक बन कर अफजल अंसारी रह रहा था। रांची एटीएस ने 25 जुलाई 2023 को प्रिंस के कथित शूटर अफजल को पलामू से गिरफ्तार किया था। वह पलामू के मनातु का रहने वाला है। अफजल एक जून 2023 को तोपचांची के शान ए पंजाब होटल पर बमबाजी और 10 जुलाई 2023 को गोविंदपुर के बिहारी लाल चौधरी शॉपिंग कॉम्पलेक्स पर गोलीबारी में शामिल था। मनातु थाना में दर्ज पोक्सो एक्ट के मामले में उसे 20 वर्षों की सजा सुनाई गई थी। अफजल के खिलाफ धनबाद के गोविंदपुर और बैंकमोड़ थाना में एक-एक और तोपचांची में दो केस दर्ज हैं।
वार्ड नंबर तीन की वीडियोग्राफी
पुलिस ने जेल के वार्ड नंबर तीन की वीडियोग्राफी कराई। पुलिस मोबाइल नंबरों का सीडीआर निकलवाने की तैयारी में है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मोबाइल किसके नाम पर है। मोबाइल का सच सामने लाने के लिए एसएसपी हृदीप पी जनार्दनन ने एक टीम गठित की है। टीम तकनीकी एक्सपर्ट की मदद ले रही है।
जेल के तीन गार्ड का अनुबंध रद्द करने की अनुशंसा
अमन सिंह की हत्या के बाद भी धनबाद जेल में अंधेरगर्दी कायम है। इतनी बड़ी घटना घटित होने के बावजूद धनबाद जेल सवा साल से बिना नियमित जेल अधीक्षक के है। यहां जेलर या असिस्टेंट जेलर की भी तैनाती नहीं है। एसी विनोद कुमार धनबाद जेल के अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जेल में तैनात तीन अनुबंध सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट भेजी गई है। उनका अनुबंध रद्द करने की अनुशंसा की गई है। प्रभारी जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल के पीछे की दीवार कम ऊंची है, उधर से ही जेल के अंदर सामान फेंके जाते हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

