निरसा(NIRSA): निरसा क्षेत्र के बाथना डांग स्थित जेपी हॉस्पिटल यूनिट–2 में इलाजरत एक जली हुई महिला की गुरुवार को अचानक मौत हो गई। महिला पिछले लगभग 11 महीनों से अस्पताल में भर्ती थी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलते ही एमपीएल प्रभारी सुमन कुमारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को शांत कराया।
इस मामले में अस्पताल के डॉक्टर पाथों ने बताया कि महिला की हालत पहले से ही बेहद गंभीर थी। डॉक्टर के अनुसार, “हमने परिजनों को पहले ही बता दिया था कि मरीज की स्थिति बहुत खराब है और हम उसे भर्ती नहीं लेना चाहते थे। परिजनों के आग्रह और जरूरी कागजात पर सहमति (साइन) के बाद ही इलाज शुरू किया गया।”
वहीं मृतका के मामा सुजीत रवानी ने मीडिया को बताया कि महिला का इलाज 21 जनवरी से बोकारो के एक अस्पताल में चल रहा था। वहां के डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे अन्यत्र ले जाने की सलाह दी, जिसके बाद परिजन उसे निरसा के बाथना डांग स्थित जेपी हॉस्पिटल लेकर आए थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान आँचल कुमारी के रूप में हुई है, जो पोदारडीह की निवासी बताई जाती है।
NEWSANP के लिए अमित चौहान की रिपोर्ट

