धनबाद(DHANBAD): आइआइटी कानपुर द्वारा आयोजित जेइइ एडवांस्ड 2025 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया. देशभर के प्रतिष्ठित आइआइटी संस्थानों में नामांकन के लिए आयोजित इस प्रवेश परीक्षा में धनबाद के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है.
गोविंदपुर के रहने वाले अभिनित पांडेय ने देश भर में 101वां रैंक हासिल किया है. वहीं, धनबाद के एलसी रोड निवासी अभिमन्यु टिबरेवाल ने 605वीं रैंक हासिल की है.
सिंदरी के आदित्य मिश्र को 1614वीं रैंक
इन दोनों छात्रों की रैंकिंग 1000 से नीचे रही है, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. इसके अतिरिक्त सिंदरी निवासी आदित्य मिश्रा को 1614वीं, वेद कुमार को 2543वीं, उत्कर्ष कुमार सिंह को 2804वीं, सार्थक को 3598वीं, रचित चौहान को 4604वीं, आदित्य शर्मा को 4804वीं, अंशु कुमार राम को 5157वीं, अभिनय को 5278वीं, अदिति को 6461वीं, राजवीर मंडल को 7747वीं रैंक मिली है.
धनबाद के 50 से अधिक स्टूडेंट्स जेईई एडवांस्ड में सफल
तुषार कांति सिंह को 8418वीं, शिवाय जयसवाल को 9290वीं और हर्ष शेखर को 9505वीं रैंक प्राप्त हुई है. इस परीक्षा में धनबाद के लगभग 50 से अधिक छात्रों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिससे जिले में खुशी की लहर है.
जोसा काउंसलिंग 3 जून से
जेइइ एडवांस्ड 2025 का परिणाम घोषित होने के बाद ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) द्वारा मंगलवार 3 जून 2025 को शाम 5 बजे से जोसा काउंसलिंग 2025 के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 12 जून 2025 तक चलेगी. उम्मीदवारों को समय सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन करना होगा, अपने पसंदीदा संस्थानों का चयन करना होगा और विकल्पों को लॉक करना होगा.
6 चरणों में होगी जोसा काउंसलिंग, सीट आवंटन लिस्ट 16 जुलाई को होगी जारी
9 जून 2025 को उम्मीदवारों द्वारा भरे गये विकल्पों के आधार पर मॉक सीट अलॉटमेंट-वन की सूची जारी की जायेगी, जबकि मॉक सीट अलॉटमेंट-2 की सूची 11 जून 2025 को प्रदर्शित की जायेगी. जोसा द्वारा कुल 6 चरणों में काउंसलिंग की जायेगी. अंतिम काउंसलिंग के बाद 16 जुलाई 2025 को अंतिम सीट आवंटन सूची जारी की जायेगी.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

