जिले में एंटी क्राइम अभियान तेज, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सघन जांच…

जिले में एंटी क्राइम अभियान तेज, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सघन जांच…

SSP के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, वांछित अपराधियों की धरपकड़ हुई तेज

नशा, जुआ के अवैध कारोबार पर प्रहार, ट्रैफिक नियम के उल्लंघन पर भी हुई सख्त कार्रवाई

बेरिकेडिंग लगाकर 1823 वाहनों की हुई सघन जांच, संदिग्धों की ली गई तलाशी

धनबाद(DHANBAD): धनबाद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर बुधवार को भी पूरे जिले में व्यापक स्तर पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की सक्रियता साफ दिखाई दी।

अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर बेरिकेडिंग लगाकर 1823 वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों की पहचान सत्यापित की, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली और कागजातों की बारीकी से जांच की गई।

वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष रूप से वाहनों के रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। कई संदिग्ध वाहनों को रोककर गहन पूछताछ भी की गई।

अभियान के दौरान सभी थाना प्रभारी स्वयं जांच टीम का नेतृत्व करते नजर आए। वहीं, डीएसपी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर अभियान की निगरानी करते रहे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से पुलिस बल का मनोबल भी ऊंचा रहा और अभियान पूरी गंभीरता के साथ संचालित हुआ।

एंटी क्राइम अभियान के तहत फरार और वांछित अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई। कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

अभियान के दौरान अवैध शराब, नशे के कारोबार, जुआ और लॉटरी के गैरकानूनी धंधों के विरुद्ध भी कार्रवाई तेज की गई। सुनसान स्थानों की तलाशी के दौरान अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने की आशंका पर कई लोगों को थाने लाकर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाहन जांच अभियान के तहत हेलमेट, सीट बेल्ट और काले शीशे लगे वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान काटा गया। ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब के नशे में वाहन चलाने वालों की जांच की गई। नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कुछ वाहनों को जब्त भी किया गया।

लगातार चल रहे इस एंटी क्राइम जांच अभियान के कारण जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत जिले में रोजाना जारी इस मुहिम के बाद अपराध दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 के जरिये पुलिस को दें।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *