धनबाद(DHANBAD): वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन के नेतृत्व में गुरुवार को जिला समाहरणालय परिसर स्थित पुलिस मुख्यालय के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान एसएसपी महोदय ने महिला प्रताड़ना एवं हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित कांडों में अविलंब कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर उन कांडों का निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान हालिया घटित सभी महत्वपूर्ण अपराधिक कांडों की समीक्षा की गयी तथा सभी कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए निर्देश दिए गए। महोदय ने निर्देश दिया कि पूर्व के जितने भी कांड लंबित है उन सभी कांडों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादित।किया जाये।
बैठक के दौरान सभी थानों में जितने भी जमानती तथा गैरजमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की- जब्ती हेतु मामले लंबित है उसे एक विशेष अभियान चलाकर निष्पादन करने का निर्देश भी दिया गया।
कोर्ट के सुरक्षा की नियमित रूप समीक्षा करते हुए सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। प्रतिबंधित गुटखा के भंडारण, खरीद व बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के साथ अवैध शराब एवं नशाखोरी के अन्य पदार्थ की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध ठोस कार्रवाई करने को कहा गया। इसके आलावा साइबर से संबंधित जितने भी कांड लंबित है उसे प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए उसमें शामिल अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
आगामी होली एवं रामनवमी के त्यौहार को देखते हुए सभी पुराने सांप्रदायिक कांडो को समीक्षा कर उनमें शामिल अभियुक्तों के विरुद्ध अभी से ही सत्यापन कर उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने अपने थानों में आम जनता की समस्याओं को सुने एवं उनकी समस्याओं को समय पर निष्पादित करें। सभी थाना प्रभारी अपने अपने थाना क्षेत्र में निरंतर गस्ती जारी रखें ताकि अपराध को घटित होने से पहले रोका जा सके। पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के तहत सभी थाना प्रभारी को निरंतर जागरूकता अभियान जारी रखने का निर्देश भी दिया गया।
समीक्षा बैठक में सिटी एसपी अजीत कुमार, ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय 2 धीरेन्द्र नारायण बंका, वरीय पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर सुमित कुमार, एसडीपीओ सिंदरी आशुतोष सत्यम, एसडीपीओ बाघमारा पुरुषोत्तम कुमार सिंह, एसडीपीओ निरसा रजत मानिक बाखला, डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम, डीएसपी ट्रैफ़िक अरविन्द सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार समेत सभी थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी भी मौजूद थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

