जामताड़ा(JAMTADA): जामताड़ा में बीते शाम जामताड़ा के सबसे व्यस्तम चौक कायस्थपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में नकाबपोश अपराधियों द्वारा दुकान संचालक को गोली मारकर की गई लूटपाट की सनसनीखेज घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उबाल आ गया है। घटना की सूचना मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री माननीय रणधीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। यहां भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों, व्यवसायियों तथा पुलिस से पूरी घटना की विस्तारपूर्वक जानकारी ली और इसके बाद मीडिया को संबोधित किया। तत्पश्चात वे घायल दुकानदार अमन बर्मन के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि जामताड़ा में बीते शाम जो घटना घटी है, वह अब तक की सबसे बड़ी और भयावह घटनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े जामताड़ा के सबसे व्यस्त चौक पर स्थित बालाजी ज्वेलर्स में अपराधियों ने दुकान मालिक अमन बर्मन को गोली मारकर करोड़ों रुपये के जेवरात लूट लिए और पिस्तौल से फायरिंग करते हुए फरार हो गए। यह घटना जामताड़ा प्रशासन और राज्य की कानून व्यवस्था की पूरी तरह से विफलता को दर्शाती है।
रणधीर सिंह ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे लोग सड़क से लेकर सदन तक लगातार यह आवाज उठा रहे हैं कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। दिनदहाड़े लूट, हत्या और गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन राज्य सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। जामताड़ा की यह लूटकांड की घटना इसका ताजा उदाहरण है। एक ओर करोड़ों रुपये का सामान लूट लिया गया, वहीं दूसरी ओर दुकान मालिक अमन बर्मन को गोली मार दी गई, जो फिलहाल पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि घटनास्थल के पास ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का कार्यालय है और कुछ ही दूरी पर जामताड़ा थाना भी स्थित है, इसके बावजूद अपराधियों को किसी प्रकार का भय नहीं है। कारण स्पष्ट है कि जामताड़ा समेत पूरे झारखंड का प्रशासन कोयला, बालू और साइबर अपराध से जुड़ी अवैध उगाही में व्यस्त है।
पूर्व मंत्री ने बताया कि इस घटना से जामताड़ा के संपूर्ण व्यवसायिक वर्ग और आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से बाजार आने वाले लोग पूरी तरह सहम गए हैं। जामताड़ा को अमन और चैन का शहर कहा जाता रहा है, लेकिन अगर यहां इस तरह की बड़ी वारदातें होने लगें तो यह बेहद चिंताजनक और आश्चर्यजनक है।
उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्होंने जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक द्वारा 24 घंटे में अपराधियों को पकड़ने की घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि अब कुछ ही घंटों में यह समय सीमा पूरी होने वाली है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। उन्होंने एसपी से मांग की कि जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर जनता को आश्वस्त किया जाए। इसके अलावा उन्होंने जामताड़ा नगर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस गश्ती दल की तैनाती करने की भी मांग की, ताकि व्यवसायियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
गौरतलब है कि घटना के विरोध में और सुरक्षा की मांग को लेकर जामताड़ा के व्यवसायियों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखा, जिससे पूरे शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, भाजपा नेता सुनील हांसदा, राजेंद्र राउत, जीत दुबे, ब्रजेश राउत, आकाश साव, अरविंद कुमार, रथु दास, विनोद चौबे सहित बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग के लोग उपस्थित थे।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

