
गांधी चौक पर भाजपा ने किया प्रदर्शन, चुनाव की तिथि तुरंत घोषित करने की मांग
जामताड़ा(JAMTADA): नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सड़कों पर उतर आई। गांधी चौक पर आयोजित एकदिवसीय महाधरना का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार चुनाव टालकर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। उनका कहना है कि नगर निकायों में जनप्रतिनिधि न होने से अधिकारी बेलगाम हैं और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।
भाजपा की तीन मुख्य मांगें हैं:
चुनाव तुरंत हों।
ईवीएम से मतदान हो।
दलीय आधार पर चुनाव हों।
भाजपा का कहना है कि दलीय चुनाव न होने से पैसे का खेल बढ़ता है और योग्य उम्मीदवार पीछे रह जाते हैं। पार्टी ने राज्यभर में 5 से 7 तारीख तक महाधरना का ऐलान किया है और चेतावनी दी है कि अगर जल्द चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासत गर्म है और अब यह देखने वाली बात होगी कि भाजपा के दबाव के बाद राज्य सरकार क्या फैसला लेती है, या मामला कोर्ट तक पहुँचता है।
NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पी सिंह की रिपोर्ट

