धनबाद(DHANBAD): सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित शहीद निर्मल महतो मेमोरियल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत रिजवान अंसारी ने जमीन विवाद को लेकर अपने ही गोतिया भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के चालधोवा निवासी रिजवान अंसारी अपनी पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हें इलाज के बाद छोड़ दिया गया है।
पीड़ित ने बताया कि अपने हिस्से की जमीन पर बाउंड्री वॉल बनवाना उन्हें भारी पड़ गया। आरोप है कि गोतिया भाइयों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और 8 टांके लगाने पड़े। साथ ही उनके दाहिने हाथ की उंगली में भी चोट आई है, जिसमें टांके लगे हैं।
रिजवान अंसारी ने बताया कि उनके दादा के समय में ही जमीन का बंटवारा हो चुका था, लेकिन अब उनके गोतिया भाई जमीन हड़पने की नीयत से विवाद कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मारपीट के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी है।
पीड़ित की बहन जिया खातून ने भी कहा कि उनके पिता को बंटवारे में जो जमीन मिली थी, उसी पर अब गोतिया भाई कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी ऑनलाइन कागजात तैयार कर जमीन पर अपना दावा किया जा रहा है।
परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

