धनबाद(DHANBAD): हीरापुर में जमीन विवाद को लेकर भाजपा नेता संजय झा ने पूर्व पार्षद निर्मल मुखर्जी के साथ मारपीट की। घटना में पूर्व पार्षद का सिर फट गया। उन्होंने भाजपा नेता के खिलाफ धनबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। हीरापुर में नगर निगम के ट्रेंचिंग ग्राउंड में उनकी जमीन है। जमीन के बगल में शिव रंजन दास दास वर्षों से घर बनाकर रह रहे हैं। बुधवार को वे अपनी जमीन में घेराबंदी कर रहे थे। इस बीच पूर्व पार्षद की शिकायत पर नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने घेराबंदी का काम रुकवा दिया। पूर्व पार्षद का आरोप है कि जिस जमीन की घेराबंदी की जा रही है, वह नगर निगम की जमीन है। निगम द्वारा जमीन का काम रुकवाने पर शिव रंजन दास अपने मित्र भाजपा नेता संजय झा को लेकर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार के पास पहुंचे। सहायक नगर आयुक्त के चैंबर के बाहर उनका सामना पूर्व पार्षद से हो गया। दोनों के बीच पहले तीखी बहस शुरू हुई। इसके बाद संजय झा ने निर्मल मुखर्जी पर हाथ छोड़ दिया जिससे उनका सिर फट गया और खून निकलने लगा। इधर संजय झा ने मारपीट के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि निर्मल मुखर्जी जानबूझकर उनके मित्र को परेशान कर रहे हैं। वे मेरे मित्र से पांच कट्ठा जमीन और पैसे की मांग कर रहे हैं। निगम कार्यालय में बहस हुई थी। मारपीट की बात गलत है। उनकी ओर से भी धनबाद थाने में शिकायत की गई है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

