इंदौर(INDORE): सुप्रीम कोर्ट से जमानत से छूटने के बाद आसाराम 12 साल बाद इंदौर के आश्रम पहुंचे. जैसे ही इस बात की जानकारी उनके समर्थकों को लगा रही है, समर्थक भारी संख्या में आश्रम पहुंच रहे हैं. वहीं भक्तों को प्रवचन देते हुए उनका कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि आसाराम ने हाल ही में अपने इंदौर स्थित आश्रम में भक्तों को प्रवचन दिया है.
आश्रम में भक्तों की लग रही भीड़
बता दें कि दुष्कर्म के मामले में राजस्थान जेल में बंद आसाराम को पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने उनके इलाज के लिए अंतरिम जमानत सशर्त दी गई है. आसाराम इंदौर स्थित आश्रम पर पहुंचे हुए हैं. जहां उनकी एक झलक पाने के लिए उनके भक्त आश्रम पहुंच रहे हैं. आरोप है कि आसाराम ने अपनी जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया है. उनका कथित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे भक्तों को प्रवचन देते हुए भी नजर आ रहे हैं.
जमानत की शर्त तोड़ने का आरोप
भक्तों के मोबाइल गेट पर रखवाए
इंदौर स्थित आसाराम आश्रम में भक्त आसाराम के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं. उनके मोबाइल और स्मार्ट वॉच को आश्रम के सेवादारों द्वारा आश्रम के मुख्य द्वार पर ही उतार कर रखवा लिया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम को मेडिकल ग्राउंड पर सशर्त जमानत दी है. शर्त यह है कि वे इस दौरान ना ही किसी से मिलेंगे ना ही प्रवचन देंगे, लेकिन जिस तरह से प्रवचन का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उससे उन पर जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लग रहा है. अब देखना होगा कि इस पूरे ही मामले में किस तरह से आगे आसाराम के खिलाफ कार्रवाई की जाती है.
इस मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा, “आसाराम पिछले कुछ दिनों से इंदौर के आश्रम में रुके हुए हैं. वहां पर सुरक्षा की दृष्टि से कुछ पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है. फिलहाल, जिस तरह के वीडियो वायरल हो रहे हैं. इसकी अभी जानकारी नहीं है. यदि आश्रम परिसर के अंदर इस तरह की कोई गतिविधि चलेगी तो पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी और उनसे मिले निर्देशों के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.”
NEWSANP के लिए इंदौर से ब्यूरो रिपोर्ट

