जमशेदपुर में पुलिस–अपहर्ता मुठभेड़, मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन घायल…

जमशेदपुर में पुलिस–अपहर्ता मुठभेड़, मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन घायल…

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में गुरुवार देर रात युवा उद्यमी कैरव गांधी अपहरण कांड के आरोपियों और पुलिस के बीच अचानक मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ रात करीब पौने दो बजे सर्किट हाउस (सीएच) एरिया स्थित साईं मंदिर के सामने जंगल की झाड़ियों में हथियार बरामदगी के दौरान हुई।
पुलिस के अनुसार, अपहरण कांड के आरोपियों ने बरामदगी के दौरान पुलिस के एक जवान से कार्बाइन छीन ली और भागने के क्रम में पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें अपहरण कांड के मुख्य साजिशकर्ता सिंह साहब गिरोह के गुड्डू सिंह समेत तीन आरोपी घायल हो गए।

तीनों आरोपियों को पैर में लगी गोली
घायलों की पहचान बिहार के गयाजी और नालंदा जिले के निवासी गुड्डू सिंह, इमरान आलम और रमीज रजा के रूप में हुई है। तीनों को पैर में एक-एक गोली लगी है। सभी को कड़ी सुरक्षा के बीच देर रात एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

कार्बाइन छीनकर छह राउंड फायरिंग
पुलिस ने बताया कि अनुसंधान के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया था कि शहर छोड़ने से पहले उन्होंने सोनारी स्थित साईं मंदिर के पास जंगल की झाड़ियों में चलते वाहन से हथियार फेंक दिए थे। इसी सूचना पर पुलिस टीम तीनों आरोपियों को लेकर देर रात हथियार बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची।
हथियार रिकवरी के बाद लौटते समय अचानक मुख्य साजिशकर्ता गुड्डू सिंह ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड से कार्बाइन छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की ओर से कुल छह राउंड फायरिंग की गई। जवाब में पुलिस ने पांच से छह राउंड फायरिंग की, जिसमें तीनों आरोपी घायल हो गए। मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी।

दो देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से दो देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीनियर एसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसएसपी और सिटी एसपी ने की पुष्टि
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि पूछताछ में मिली सूचना के आधार पर पुलिस हथियार रिकवरी के लिए गई थी, जहां आरोपियों ने पुलिसकर्मी से कार्बाइन छीनकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी घायल हुए हैं।
वहीं, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। घायल आरोपियों का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है और चिकित्सकीय निगरानी में उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।

आज होगा पूरे मामले का खुलासा
झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा आज जमशेदपुर पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेंगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।

NEWSANP के लिए जमशेदपुर से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *