जनवरी माह के अपराध समीक्षा में धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि, दर्ज से ज्यादा मामलों का निष्पादन…

जनवरी माह के अपराध समीक्षा में धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि, दर्ज से ज्यादा मामलों का निष्पादन…

SSP का सख्त निर्देश, सभी लंबित वारंट-कुर्की का एक हफ्ते में होगा निपटारा

नगर निकाय चुनाव से पहले पुलिस अलर्ट, रोज चलेगा एंटी क्राइम अभियान, अड्डाबाजी और शराब पीने वालो पर होगी कार्रवाई

बढ़ते सड़क हादसों पर एक्शन तेज, जीटी रोड पर विशेष ट्रैफिक ब्लू प्रिंट लागू

धनबाद(DHANBAD): समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में जनवरी 2026 माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जनवरी में दर्ज से अधिक मामलों का निष्पादन

बैठक के दौरान अपराध के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जनवरी माह में जिले भर में कुल 522 कांड दर्ज किए गए, जबकि पुलिस द्वारा 625 कांडों का निष्पादन किया गया। दर्ज मामलों से अधिक निष्पादन होने के कारण जिले में लंबित मामलों की संख्या घटकर लगभग दो हजार रह गई है। एसएसपी ने इसे पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम बताया।

वारंट और कुर्की मामलों पर सख्ती

एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वारंट और कुर्की से जुड़े सभी लंबित मामलों को एक सप्ताह के भीतर निष्पादित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून का भय स्थापित करना आवश्यक है।

सर्विलांस के जरिए अपराधियों पर पैनी नजर

जिले में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए निगरानी प्रस्ताव के तहत 950 सक्रिय अपराधियों को सर्विलांस पर रखा गया है। इसके अलावा, पिछले पांच वर्षों में जमानत पर बाहर आए लगभग चार हजार अपराधियों की गतिविधियों पर भी तकनीकी माध्यमों से निगरानी की कवायद तेज कर दी गई है। एसएसपी महोदय ने स्पष्ट किया कि पुनः अपराध में लिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निकाय चुनाव को लेकर विशेष सतर्कता

आगामी नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि चुनाव के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

सड़क हादसों पर चिंता, जीटी रोड पर विशेष अभियान

बैठक में जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। एसएसपी महोदय ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक विशेष ब्लू प्रिंट तैयार कर जीटी रोड पर विशेष ट्रैफिक अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके तहत ओवरस्पीडिंग, लापरवाही से वाहन चलाने और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में रहे वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित

अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार के साथ ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा सहित सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *