चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न मेयर और पार्षदों का किस्मत मतपेटियों में कैद…

चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न मेयर और पार्षदों का किस्मत मतपेटियों में कैद…

सिंदरी(SINDRI): सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 53, 54 और 55 में मेयर एवं पार्षद प्रत्याशियों के लिए सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह 7:00 से शुरू हुआ मतदान शाम 5:00 बजे तक चला। युवाओं ,महिलाओं और बुजुर्गों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
हालांकि इस बार बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण प्रक्रिया में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा, जिससे खासकर बुजुर्ग मतदाताओं को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। फिर भी उन्होंने धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार किया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर बी एल ओ एवं स्वयं सेवकों ने सहायता प्रदान की।

मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। निरीक्षण के लिए विभिन्न बूथों पर अधिकारियों की टीम भ्रमण करती रही। इस दौरान बलियापुर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाष चंद्र दास, डीवाईएसपी राजेश प्रकाश सिन्हा, सिंदरी थाना के थाना प्रभारी संजय कुमार, बलियापुर थाना के थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अब सब प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में कैद हो चुकी है और मतगणना के दिन 27 फरवरी को परिणाम आने का सबको इंतजार है। उसी दिन यह स्पष्ट हो पाएगा कि नगर की बागडोर किसके हाथों में जाएगी और किस प्रत्याशी के सिर जीत का ताज सजेगा। जिला जनसंपर्क कार्यालय धनबाद द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार संध्या 5 बजे तक धनबाद नगर निगम में 46.98% मतदान हुआ।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *