चित्तरंजन(JAMTADA): चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना टाउनशिप के स्ट्रीट 42ए स्थित क्वार्टर नंबर 10ए में सोमवार दोपहर हुए एक सनसनीखेज हमले ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच 58 वर्षीय श्रीकांत तिवारी पर एक अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त श्रीकांत तिवारी अपने घर में अकेले थे। अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमले की तीव्रता और क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल खून से लथपथ हो गया। जब स्थानीय लोगों ने श्रीकांत तिवारी को उनके क्वार्टर के बाहर खून से सने हाल में पड़ा देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय नागरिकों ने तुरंत उन्हें केजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों नेहै उनकी हालत अत्यंत नाजुक बताई और उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
घटना की सूचना मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही श्रीकांत तिवारी के व्यक्तिगत और व्यावसायिक संपर्कों की भी जांच की जा रही है ताकि हमले के पीछे की वजह का पता चल सके।
इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुए इस हमले ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने कने मांग की है।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हमलावर कोए जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना की सच्चाई को सामने लाया जाएगा। फिलहाल श्रीकांत तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है और पूरे मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है।
यह घटना न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए एक चेतावनी है, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक बड़ा अलर्ट है कि टाउनशिप जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में भी अब अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं।
NEWSANP के लिए चित्तरंजन से आर पी सिंह की रिपोर्ट

