चार दिनों से पानी के लिए तरसा पोरीरा ग्राम, वार्ड 14 में हंगामा – 24 घंटे में समाधान का आश्वासन…

चार दिनों से पानी के लिए तरसा पोरीरा ग्राम, वार्ड 14 में हंगामा – 24 घंटे में समाधान का आश्वासन…

आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 14 स्थित पोरीरा ग्राम के कर्मकार पाड़ा इलाके में पिछले चार दिनों से जलापूर्ति ठप होने के कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे लोगों ने इलाके में जमकर हंगामा किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के राज्य स्तरीय नेता कृषनेन्दु मुखर्जी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने आसनसोल नगर निगम की आयुक्त एकम जे सिंह से भी फोन पर वार्ता की। आयुक्त द्वारा 24 घंटे के भीतर जल समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है।

वहीं दूसरी ओर वार्ड संख्या 14 के तृणमूल पार्षद उत्पल सिन्हा भी अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए नॉर्थ थाना की पुलिस भी भारी संख्या में तैनात रही, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस दौरान भाजपा नेता कृषनेन्दु मुखर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा अमृत परियोजना के तहत शिल्पांचल की जनता को घर-घर पानी पहुंचाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन आज भी लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अमृत परियोजना के लिए आए करोड़ों रुपये कहां खर्च हुए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि केवल वार्ड 14 ही नहीं, बल्कि वार्ड 13, 15, 21 और 22 सहित कई अन्य इलाकों में भी जल संकट बना हुआ है।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *