चापापुर टू कोलियरी मार्ग पर अज्ञात हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन…

चापापुर टू कोलियरी मार्ग पर अज्ञात हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन…

निरसा(NIRSA): निरसा थाना क्षेत्र के ईसीएल मुगमा एरिया अंतर्गत चापापुर टू कोलियरी मार्ग पर बीती रात एक सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनवाद पंचायत के कोड़ाडंगाल निवासी मिथुन कुंभकार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि मिथुन देर रात 11 बजे से 12 बजे के बीच अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान अज्ञात हाइवा वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि ईसीएल प्रबंधन द्वारा इस ग्रामीण सड़क का लगातार भारी वाहनों के आवागमन के लिए उपयोग किया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सड़क पर न तो स्ट्रीट लाइट की सुविधा है और न ही सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है, जिसके कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है।

परिजनों का कहना है कि मिथुन कुंभकार परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 20 लाख रुपये मुआवजा देने और मृतक के पिता को ईसीएल में नियोजन देने की मांग की है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक कंपनी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर सकारात्मक वार्ता नहीं करते, तब तक शव को सड़क से नहीं हटाया जाएगा।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद न तो कंपनी प्रबंधन और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

वहीं सूचना मिलने पर निरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।

NEWSANP के लिए निरसा से मनोज सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *