धनबाद(DHANBAD): मुख्यमंत्री के कड़े निर्देश के बाद अब पूरे राज्य में ब्लड बैंकों की बड़े स्तर पर जांच-पड़ताल शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में मंगलवार को धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में संचालित ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं, उपकरणों और ब्लड स्टोरेज यूनिट की विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद धनबाद ब्लड बैंक सराहनीय कार्य कर रहा है। यहां ब्लड की उपलब्धता और प्रबंधन संतोषजनक पाया गया है। हालांकि, कुछ पुराने उपकरणों को बदलने और तकनीकी रूप से अपडेट करने की आवश्यकता है ताकि सेवा को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द धनबाद को अत्याधुनिक तकनीक से लैस एक लग्जरी ब्लड डोनेशन बस उपलब्ध कराई जाएगी। इस बस में ब्लड डोनेशन कैंप के दौरान आवश्यक सभी सुविधाएं मौजूद रहेंगी, जिससे ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में भी रक्तदान अभियान को नई दिशा मिलेगी।
उपायुक्त ने कहा कि इस मोबाइल ब्लड डोनेशन बस से लोग आसानी से रक्तदान कर सकेंगे, जिससे ब्लड की कमी की समस्या काफी हद तक दूर होगी। उन्होंने ब्लड बैंक के कर्मियों को नियमित रूप से सिस्टम अपडेट करने और पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

