चलती ट्रेन में मोबाइल टपाने वाले गिरोह का खुलासा, CCTV से खुला राज…

चलती ट्रेन में मोबाइल टपाने वाले गिरोह का खुलासा, CCTV से खुला राज…

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR ): चक्रधरपुर मंडल की आरपीएफ उड़नदस्ता टीम ने चलती ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से महंगे मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में ऋषि तोरवा, अल्ताफ आलम, चंदन राम उर्फ चिंटू और विशाल तिवारी उर्फ जीशान शामिल हैं। सभी आरोपी ओडिशा के बड़बिल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

गश्त के दौरान हुई पहचान
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार बुधवार रात ट्रेन संख्या 12809 मुंबई हावड़ा मेल के एसी कोच से दो संदिग्धों को उतरकर भागते हुए देखा गया। इस पर टीम को शक हुआ और स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला पूरा मामला
सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि चोरी की वारदात में कुल चार लोग शामिल थे। ये सभी आपसी तालमेल से यात्रियों के मोबाइल फोन चुरा रहे थे और मौके से निकल जाते थे।

नाइट आउट क्षेत्र के पास से गिरफ्तारी
सीसीटीवी के आधार पर आरपीएफ ने तलाश तेज की और बुधवार देर शाम टाटानगर स्टेशन के नाइट आउट क्षेत्र के पीछे से चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

महंगे मोबाइल और औजार बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक एप्पल मोबाइल, एक वनप्लस मोबाइल और एक वीवो मोबाइल बरामद किया गया। इसके अलावा एक मोबाइल चार्जर, बड़ा कटर और हेक्सा ब्लेड भी मिले। बरामद मोबाइल की कुल कीमत करीब एक लाख साठ हजार रुपये बताई गई है।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
आरपीएफ ने बताया कि सभी आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। इनमें से अल्ताफ आलम करीब 11 बार जेल जा चुका है। आरपीएफ ने चारों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *