चंदन स्टूडियो द्वारा राजेंद्र सरोवर पार्क में धूमधाम से मनाया गया दोल उत्सव…

चंदन स्टूडियो द्वारा राजेंद्र सरोवर पार्क में धूमधाम से मनाया गया दोल उत्सव…

धनबाद(DHANBAD): रविवार को राजेंद्र सरोवर पार्क, बेकार बांध में चंदन स्टूडियो द्वारा अष्टम वर्ष “दोल उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंगाली समुदाय की पारंपरिक दोल उत्सव संस्कृति को सांस्कृतिक स्वरूप में प्रस्तुत करना था।

दोल उत्सव की परंपरा की प्रेरणा विश्वभारती विश्वविद्यालय से जुड़ी है, जहां रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा स्थापित इस संस्थान में वर्ष 1920 से इसे सांस्कृतिक-शैक्षिक वातावरण में संगीत, नृत्य, कविता और रंगों के साथ वसंत उत्सव के रूप में मनाया जाता रहा है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए चंदन स्टूडियो पिछले आठ वर्षों से धनबाद, झारखंड में इस आयोजन का सफल संचालन कर रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से वार्ड 25 के पार्षद प्रिया रंजन, डॉ. शर्मिला बनर्जी, बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के सचिव गोपाल भट्टाचार्य, बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष कंचन दे, झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की रीना मंडल, सिंबोसिस पब्लिक स्कूल के निदेशक आशीष मंडल तथा साहित्यकार तपन राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों का स्वागत बच्चों ने फूलों एवं हर्बल गुलाल से किया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्रूमिंग क्लब द्वारा रवींद्र संगीत “ओरे गृहोबासी” पर पार्क परिक्रमा नृत्य से हुई। इसके बाद विभिन्न नृत्य विद्यालयों की छात्राओं ने वसंत पर आधारित रवींद्र नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 500 महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान महिलाएं और बच्चे पीले वस्त्रों व पलाश पुष्पों के श्रृंगार में हर्बल गुलाल की होली खेलते नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों, बच्चों और अभिभावकों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

मंच संचालन शिल्पी घोष एवं संचिता मजूमदार ने किया। समापन पर कुशन सेनगुप्ता के रवींद्र संगीत “रांगिए दिए जाओ” पर सभी टीमों ने सामूहिक नृत्य कर उत्सव को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आरती साव, संगीता, काकूली, संजय सेनगुप्ता, दीपा, संतोष सील, गौरव मोदक, झरना, नूपुर, उर्मिला, अनन्या सहित कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *