हजारीबाग(HAZARIBAGH):हजारीबाग के घाघरा डैम के किनारे छाया था शांति का सौंदर्य। इसी शांति को कैमरे में कैद करने दो जवान युवक 22 साल का आशीष कुमार पासवान और 20 साल का विशाल कुमार राम आये थे। रेत के किनारे खड़े होकर विशाल ने कहा, चलो यार, एक रील बना लेते हैं, आशीष मुस्कराया, कैमरा ऑन हुआ, लेकिन रील बनाते वक्त आशीष का पैर फिसला। विशाल ने झपट्टा मारा, दोस्त को बचाने के लिये। लेकिन दोनों का संतुलन बिगड़ा और एक सौ फीट गहराई में झील के चुप पानी ने उन्हें निगल लिया। खबर है कि दोनों राज्य सरकार की “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के प्रचार वाहन से केरेडारी पहुंचे थे। मन में ऊर्जा, चेहरे पर उत्साह और दिल में सेवा का सपना। गाड़ी में बैठा तीसरा साथी बदहवास था। डायल किया गया नंबर पुलिस, मुखिया, प्रशासन, सब मौके पर पहुंचे, पर तबतक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों शवों को बाहर निकाला गया। मृतक आशीष कुमार पासवान हजारीबाग के कटकमदाग प्रखंड के बनादाग गांव का रहनेवाला था, वहीं विशाल कुमार राम सदर प्रखंड के चानो बहेरी गांव का रहनेवाला था। इस घटना की फैली खबर के बाद से बनादाग और बहेरी गांवों में मातम पसर गया।
NEWSANP के लिए हजरीबाग से ब्यूरो रिपोर्ट

