धनबाद(DHANBAD): धनबाद और गोविंदपुर निबंधन कार्यालय में आयकर विभाग की जांच में 1600 से अधिक जमीन, फ्लैट और बंगले के रजिस्ट्रेशन बिना PAN कार्ड के किए जाने का खुलासा हुआ है। इन संपत्तियों की कुल कीमत लगभग 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच में पाया गया कि कई बड़े कारोबारी और संपन्न निवेशकों ने PAN या फॉर्म 60 का इस्तेमाल नहीं किया, जबकि इनमें से अधिकांश संपत्तियाँ 10 लाख रुपये से ऊपर की थीं, जो PAN अनिवार्यता के अंतर्गत आती हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट में नियमों की अनदेखी, संदिग्ध निवेश और टैक्स चोरी की संभावना सामने आई है।
आयकर अधिकारी आर. के. गर्ग के नेतृत्व में 12 और 14 नवंबर को सर्वे में कई दस्तावेज़ों की जांच की गई। प्रारंभिक संकेतों में यह भी पाया गया कि निबंधन कार्यालय के कुछ कर्मियों और अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है।
जांच के बाद आयकर विभाग ने निबंधन विभाग को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। समय पर सुधार न होने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई संभव है।
इस मामले में कई सफेदपोश व्यापारी और राजनीतिक चेहरे भी रडार पर हैं, और अगले चरण में खरीदारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की संभावना है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

