गोवा में भाजपा नंबर वन: जिला पंचायत चुनाव परिणामों पर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जताया आभार…

गोवा में भाजपा नंबर वन: जिला पंचायत चुनाव परिणामों पर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जताया आभार…

गोवा(GOA):गोवा जिला पंचायत चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस जीत के लिए गोवा की जनता का आभार जताया है।

गोवा सुशासन और प्रगतिशील राजनीति का प्रतीक

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि गोवा सुशासन और प्रगतिशील राजनीति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत चुनावों में भाजपा-एमजीपी (एनडीए) परिवार को मिले मजबूत समर्थन के लिए मैं गोवा की सभी बहनों और भाइयों का धन्यवाद करता हूं। इससे गोवा के विकास के लिए हमारे प्रयासों को और अधिक बल मिलेगा। हम इस खूबसूरत राज्य के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

एनडीए कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर किए सराहनीय कार्य

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे मेहनती एनडीए कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर सराहनीय कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप यह शानदार सफलता मिली है।

पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जताई प्रसन्नता 

गोवा जिला पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस जीत के लिए गोवा की जनता का आभार भी जताया। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि जिला पंचायत चुनावों में एनडीए को शानदार जीत दिलाने के लिए गोवा की जनता का हार्दिक धन्यवाद। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, राज्य भाजपा अध्यक्ष दामु नाइक और सभी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने शासन के हर स्तर पर जनता की है सेवा 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने शासन के हर स्तर पर जनता की सेवा की है। जहां भी एनडीए को सेवा का अवसर मिला है, वहां उसने विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी है। यह चुनावी परिणाम एनडीए के प्रयासों और नीतियों के प्रति जनता की स्वीकृति का प्रमाण है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गोवा की जनता को भाजपा पर भरोसा जताने और शानदार जीत दिलाने के लिए दिया धन्यवाद 

इससे पहले गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि गोवा में भाजपा नंबर वन है। गोवा की जनता को भाजपा पर भरोसा जताने और हमें शानदार जीत दिलाने के लिए धन्यवाद। उन्होंने भाजपा-एमजीपी (एनडीए) गठबंधन के सभी नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को हार्दिक बधाई दी।

सावंत ने कहा कि यह सशक्त जनादेश प्रधानमंत्री के गतिशील नेतृत्व और चल रही डबल इंजन सरकार पर जनता के विश्वास को दर्शाता है

मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि यह सशक्त जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में चल रही डबल इंजन सरकार पर जनता के विश्वास को दर्शाता है। साथ ही यह जमीनी स्तर पर सशक्तिकरण और जन-केंद्रित शासन के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।

संगठन के विजन को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए अथक प्रयास

मुख्यमंत्री ने गोवा भाजपा अध्यक्ष दामु नाइक के नेतृत्व में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन के विजन को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए अथक प्रयास किए। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन राज्य में सर्वांगीण विकास को गति देगा, पारदर्शी और जवाबदेह शासन को मजबूत करेगा तथा ‘विकसित गोवा’ और ‘विकसित भारत’ की दिशा में निरंतर कार्य करेगा।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *