गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया पतरातू, टारगेट में थे ये दो कारोबारी…

गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया पतरातू, टारगेट में थे ये दो कारोबारी…

राँची(RANCHI): रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र में उस वक्त तहलका मच गया, जब सरैया टोला के रहने वाले कोयला कारोबारी गजानन प्रसाद के घर को टारगेट कर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। आसपास के लोगों के मुताबिक करीब 8 से 9 राउंड गोलियां दागी गईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधी सियाल सोनदा बस्ती की तरफ से आए थे। वे गजानन प्रसाद के घर के पास पहुंचे और सीधे गोलियां बरसानी शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश भाग निकले। पूरी की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।

सेल संचालक के घर पर भी बरसी गोलियां
हैरत की बात यह है कि बदमाशों ने सिर्फ एक घर को निशाना नहीं बनाया। जानकारी के अनुसार, सेल संचालक नीतीश कुमार के आवास पर भी दनादन गोलियां दागी गईं। बताया जा रहा है कि छोटे और बड़े दोनों तरह के हथियारों का इस्तेमाल हुआ। इससे साफ है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। इसके अलावा सोनदा बस्ती के मुख्य चौक और एक दुकान के पास भी फायरिंग की गई। इससे पूरे इलाके में खौफ फैल गया।

सड़क पर बिखरे मिले खोखे, दहशत में लोग
घटना के बाद जब लोग बाहर निकले तो सड़क पर गोलियों के कई खोखे पड़े मिले। सूचना मिलते ही पतरातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने कई खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

मौके पर पहुंचे एसडीपीओ और भारी पुलिस बल
गोलीबारी की फैली खबर के बाद एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, थानेदार सत्येंद्र कुमार अपनी टीम के साथ स्पॉट पर पहुंचे। पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। हमलावरों की तलाश में छापेमारी भी की जा रही है।

रंगदारी, गैंगवार या डराने की साजिश
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी वारदात के पीछे वजह क्या है? क्या यह रंगदारी का मामला है, गैंगवार है या फिर किसी को डराने की साजिश? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग खुलकर कुछ बोलने से भी बच रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *