गोपाष्ठमी पर गौमाता की भव्य महाआरती का आयोजन…

गोपाष्ठमी पर गौमाता की भव्य महाआरती का आयोजन…

सैकड़ों दीपों की जगमगाहट और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजेगा वातावरण

झरिया(JHARIA): भारतीय संस्कृति में गौमाता को करुणा, समृद्धि और श्रद्धा की मूर्ति माना गया है। इसी भाव को साकार करते हुए मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा गोपाष्ठमी के पावन अवसर पर “गौमाता की महाआरती” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 29 अक्टूबर 2025 (बुधवार) को झरिया–धनबाद गौशाला प्रांगण में सायं 5:15 बजे से आरंभ होगा।

अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के आह्वान पर इस महाआरती का आयोजन किया जा रहा है जिसकी विशेषता यह होगी कि इसका आयोजन गंगा आरती की तर्ज पर किया जाएगा। सैकड़ों दीपों की जगमगाहट, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से गौशाला का वातावरण भक्ति और आस्था से आलोकित होगा। कार्यक्रम का संयोजन गौतम अग्रवाल कर रहे है।

संयोजक गौतम अग्रवाल ने बताया कि “यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्सव है, बल्कि समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता और एकजुटता का संदेश देने का माध्यम भी है। हमारा उद्देश्य है कि नई पीढ़ी भी गौसंरक्षण की इस परंपरा से जुड़े और इसके सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व को समझे।”

शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा – “गोपाष्ठमी हमें यह संदेश देती है कि गौसेवा केवल आस्था नहीं, बल्कि कर्तव्य है। गौमाता भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं, और उनका संरक्षण मानवता की रक्षा के समान है। मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा सदैव ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और समरसता के भाव को प्रोत्साहित करती रही है।”

गौशाला प्रांगण में होने वाले इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और मंच सदस्यों की सहभागिता अपेक्षित है। आयोजन समिति ने सभी गौभक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर को सफल बनाने का अनुरोध किया है।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *