गैस सिलेंडर की किल्लत पर भड़का गुस्सा, खाली सिलेंडर रखकर सड़क जाम — “सिलेंडर दो या जवाब दो” के लगे नारे….

गैस सिलेंडर की किल्लत पर भड़का गुस्सा, खाली सिलेंडर रखकर सड़क जाम — “सिलेंडर दो या जवाब दो” के लगे नारे….

आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल के साउथ पुलिस फाड़ी अंतर्गत एलआईसी मोड़ के पास गैस सिलेंडर की भारी किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर सड़क पर रखकर आसनसोल, पुरुलिया और झारखंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया और गैस एजेंसी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “सिलेंडर दो या जवाब दो” के नारे लगाते हुए एजेंसी पर कालाबाजारी और वादाखिलाफी के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने एक महीने पहले ही गैस सिलेंडर बुक कराया था। बुकिंग के बाद उन्हें मैसेज भी मिला और एजेंसी द्वारा रसीद भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार टालमटोल किया जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि हर दिन एजेंसी की ओर से “आज मिलेगा, कल मिलेगा” कहकर उन्हें दौड़ाया जा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाया-बुझाया और जल्द से जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और सड़क पर यातायात बहाल हो सका।

बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दो बार गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय कुछ लोगों को सिलेंडर मिला, जबकि कई अब भी वंचित रह गए थे। यही कारण है कि एक बार फिर लोगों का आक्रोश भड़क उठा।

फिलहाल प्रशासन ने जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया है, लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है कि आखिर आम जनता को बुनियादी सुविधा के लिए कब तक संघर्ष करना पड़ेगा।

NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *