रांची(RANCHI): झारखंड पुलिस के लिए सिरदर्द बने कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को जल्द ही अजरबैजान से भारत लाया जायेगा। राज्य सरकार ने प्रत्यर्पण की मंजूरी दे दी है। वहीं, इस मिशन की पूरी जिम्मेदारी झारखंड ATS को सौंपी गई है। टीम का नेतृत्व SP ऋषभ झा करेंगे। यह पहली बार होगा जब विदेश में पकड़ा गया कोई झारखंडी गुंडा राज्य में लाया जा रहा है। गृह विभाग ने इस मिशन के लिए आर्थिक और प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। राजस्थान के अनूपगढ़ निवासी मयंक सिंह के खिलाफ झारखंड के रांची, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, चतरा और पलामू में तीन दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी, धमकी और आपराधिक साजिश जैसे संगीन जुर्म है। उस पर गिरिडीह जेलर और रांची-रामगढ़ के कई व्यवसायियों को धमकी देने के केस भी दर्ज हैं। मयंक को इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर अजरबैजान में गिरफ्तार किया गया था। अब उसे प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत लाया जायेगा। DGP अनुराग गुप्ता ने मीडिया कहा है कि विदेशों में छिपे अन्य गैंगस्टरों को भी अब जल्द पकड़ा जायेगा।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

