
धनबाद( DHANBAD ): गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहाँ भव्य परेड, आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम होंगे। वहीं, न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मियों को सम्मानित किए जाने पर भी सहमति बनी। साथ ही विभिन्न विभागों को अपनी-अपनी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी और आकर्षक प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। परेड की तैयारी को लेकर बताया गया कि इसका पूर्वाभ्यास 20 जनवरी से 24 जनवरी तक नियमित रूप से कराया जाएगा।
प्रशासन ने गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, मंच व्यवस्था और दर्शकों की सुविधा जैसे बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

