नागपुर(NAGPUR) : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक बार फिर जातिगत राजनीति को लेकर कहा है कि किसी व्यक्ति की महानता उसके गुणों से निर्धारित होती है, न कि जाति, धर्म या जेंडर से। गडकरी ने कहा कि वे इस सिद्धांत पर समझौता नहीं करेंगे,भले ही इससे उन्हें चुनावों में नुकसान हो। उन्होंने बताया कि एक बार एक सभा में कहा था कि जो करेगा ‘जात की बात, उसको कस के मारूंगा लात’। ‘
‘व्यक्ति जाति से नहीं बल्कि गुणों से महान बनता है’
नागपुर में सेंट्रल इंडिया ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जब डॉ. अब्दुल कलाम परमाणु विज्ञानी बने, तो उन्होंने इतनी उपलब्धियां हासिल कीं कि उनका नाम दुनिया भर में हर किसी तक पहुंच गया। मेरा मानना है कि कोई व्यक्ति जाति, संप्रदाय, धर्म, भाषा या जेंडर से महान नहीं बनता बल्कि गुणों से महान बनता है। इसलिए हम जाति, संप्रदाय, धर्म, भाषा या जेंडर के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं करेंगे।
‘मैं अपने सिद्धांतों पर अडिग रहूंगा’
उन्होंने कहा कि मैंने एक बार 50,000 लोगों की एक सभा में कहा था कि ‘जो करेगा जात की बात, उसके कस के मारूंगा लात’। मेरे दोस्तों ने मुझसे कहा कि इस स्टैंड की वजह से मुझे मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन मुझे इसकी कोई चिंता नहीं है। क्या चुनाव हारने से कोई मर जाता है? मैं अपने सिद्धांतों पर अडिग रहूंगा और उन्हें अपने जीवन में लागू करूंगा। शिक्षा से सिर्फ़ आपको और आपके परिवार को ही फायदा नहीं होता। इससे समाज और राष्ट्र का विकास होता है। ज्ञान ही शक्ति है और इस शक्ति को आत्मसात करना आपका मिशन है।
‘नौकरी चाहने वाले न बनें, नौकरी देने वाले बनें’
गडकरी ने कहा कि उन्होंने वाणिज्य और व्यवसाय प्रबंधन की पढ़ाई की है, सिविल इंजीनियरिंग में रिकॉर्ड बनाये हैं और कृषि विज्ञान में डिग्री हासिल की है। इसलिए डिग्री और सफलता के बीच के संबंध को समझें। उद्यमिता के साथ ज्ञान बहुत महत्वपूर्ण है। मेरी आपको सलाह है कि नौकरी चाहने वाले न बनें, नौकरी देने वाले बनें। गडकरी ने बताया कि उन्होंने एमएलसी रहते हुए एक इंजीनियरिंग कॉलेज की अनुमति अंजुमन-ए-इस्लाम संस्थान (नागपुर) को ट्रांसफर कर दी थी। उन्हें लगा कि मुस्लिम समुदाय को इसकी ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम समुदाय से ज्यादा इंजीनियर, आईपीएस और आईएएस अफसर बनेंगे तो सबका विकास होगा।
NEWSANP के लिए नागपुर से ब्यूरो रिपोर्ट

