गुरुग्राम(DELHI): दौलताबाद फ्लाईओवर के एक हिस्से को शुक्रवार रात को कुछ लोगों ने मशीनों से क्षतिग्रस्त कर दिया। रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने पाकलेन और जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल कर तोड़फोड़ कर दी।
लेकिन खास बात यह है कि शहर की सड़कें बनाने और उनकी देखरेख करने वाले विभागों नगर निगम, जीएमडीए और पीडब्ल्यूडी को इसकी जानकारी नहीं है। रात को सूरत नगर की तरफ से अचानक भारी मशीनों की आवाज सुनाई दी।
बिना किसी अनुमति के तोड़ा हिस्सा
अज्ञात लोगों ने बिना किसी सरकारी अनुमति या कागजी कार्रवाई के फ्लाईओवर का भारी-भरकम हिस्सा तोड़ दिया। फ्लाईओवर को सूरत नगर की तरफ से जर्सी बैरियर, फुटपाथ को पूरी तरह से तोड़ दिया है। करीब 50 से 60 मीटर तक फ्लाईओवर के हिस्से को तोड़ा गया है।
शनिवार शाम को इसकी सूचना निगम पार्षद को मिली तो विभाग भी हरकत में आए। सभी विभागों व स्थानीय लोगों से इसकी जानकारी जुटाई गई, लेकिन किसी ने भी अनुमति देने से इंकार कर दिया। मौके पर तोड़फोड़ में इस्तेमाल की गई एक मशीन अभी भी खड़ी है।
शनिवार शाम को मौके पर लाेगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक प्राइवेट बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए यह तोड़फोड़ की जा रही है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

