झारखंड(JHARKHAND) : सरायकेला के गम्हरिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली एक वारदात हुई। यशपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला की लाश मिली, जिसकी हालत इतनी भयावह थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गये। शव को देखने से साफ पता चलता है कि हत्या बेहद निर्ममता से की गई है। महिला के गले, दोनों हाथों और नाजुक अंगों पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को रेलवे ट्रैक पर इस तरह फेंका गया, जिससे यह हादसा या आत्महत्या लगे। घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंची पुलिस का दावा है कि लाश की हालत देख ऐसा लगता है कि महिला के साथ अत्याचार हुआ है। उन्होंने कहा, “पहचान होने के बाद ही घटना की असली वजह का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है।”
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

