खूंटी के मुरहू में धारा 144 लागू…

खूंटी के मुरहू में धारा 144 लागू…

राँची(JHARKHAND): खूंटी के मुरहू में रामनवमी के जुलूस के बाद माहौल अचानक गर्म हो गया। शाम ढलते-ढलते जो सड़कें भक्ति और जयकारों से गूंज रही थीं, वहीं थोड़ी ही देर में तनाव की आहट सुनाई देने लगी। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई और इलाके में पथराव की घटनायें सामने आ गईं। यह घटना मुरहू थाना क्षेत्र की है, जहां हालात को संभालने के लिये प्रशासन को तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा। बताया जा रहा है कि रामनवमी के मौके पर शुक्रवार को निकली शोभायात्रा के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच तनाव की शुरुआत हो गई थी। उस समय पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन शनिवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और पथराव की घटना सामने आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साये लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मुरहू महादेव मंडा के पास इकट्ठा होकर पथराव में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुये प्रशासन ने पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दिया है। खूंटी की SDO Deepesh Kumari ने मीडिया को बताया कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किये गये हैं। उन्होंने लोगों से घरों में रहने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *