खड़ी कार में दूसरी कार ने मारी टक्कर फिर घुस गयी दुकान में…

खड़ी कार में दूसरी कार ने मारी टक्कर फिर घुस गयी दुकान में…

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR) : एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई, जिससे एक दुकान और चाय गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार का ड्राइवर और उसका साथी बेतरह जख्मी हो गए। घटना बीती देर रात करीब तीन बजे जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में घटी।मिली जानकारी के अनुसार जवाहर नगर रोड नंबर 10 में पारडीह की ओर से मानगो चौक जा रही तेज रफ्तार कार का बैलेंस अचानक बिगड़ गया और सड़क किनारे खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खड़ी कार सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। यह दुकान मुमताज अहमद की है और वह यहां सब्जी बेच कर अपने परिवार का पेट पालते हैं।

हादसे में टक्कर मारने वाली कार का ड्राइवर अनस और उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि गाड़ी का एयरबैग खुल जाने से उनकी जान बच गई, लेकिन दोनों को गहरी चोटें आई हैं। जोरदार टक्कर के चलते मुमताज अहमद की दुकान के साथ बगल वाली एक चाय की गुमटी भी टूट गई। मुमताज ने बताया कि इस दुर्घटना से उन्हें लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोगों को हादसे की जानकारी मिली, तो बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और आपस में घटना को लेकर चर्चा करने लगे।

सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटवाया और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या फिर तकनीकी कारणों से। थानेदार ने मीडिया को बताया कि कार की स्पीड काफी अधिक थी और प्रारंभिक जांच में लापरवाही का संकेत मिल रहा है। घायल युवकों का बयान लेने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।

NEWSANP के लिए जमशेदपुर से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *