
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा महिला इंटर कॉलेज, लाल बाजार में तीन दिवसीय रचनात्मक कार्यशाला का शुभारंभ
झरिया(JHARIA):मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा रक्षाबंधन के पावन अवसर पर चलाए जा रहे कौशल विकास सप्ताह के अंतर्गत आज महिला इंटर कॉलेज, लाल बाजार में तीन दिवसीय रचनात्मक कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला छात्राओं को रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और भारतीय परंपराओं से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
कार्यक्रम का यह तीसरा दिन रहा, जबकि इससे पूर्व 29 और 30 जुलाई को यह कार्यशाला मारवाड़ी विद्यालय, झरिया में आयोजित की गई थी।
कॉलेज के सचिव राजीव सनवंतिया ने कहा –
“कौशल विकास जैसी पहलें छात्राओं में आत्मविश्वास उत्पन्न करती हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करती हैं। इस प्रकार के आयोजन सतत रूप से होते रहने चाहिए।”
कार्यक्रम संयोजिका पूनम भुसानिया ने जानकारी दी कि प्रथम दिवस पर छात्राओं को क्ले से राखी निर्माण की कला सिखाई गई। पिडिलाइट कंपनी की प्रशिक्षिका भूमि अग्रवाल ने पारंपरिक और आधुनिक डिज़ाइनों की राखियाँ बनवाते हुए विद्यार्थियों को डिजाइनिंग की तकनीकी विधियाँ सहज रूप में सिखाईं। छात्राओं ने बड़ी उत्सुकता के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
आज कुल 52 छात्राओं ने सहभागिता की।
कॉलेज की प्राचार्या एवं शिक्षिकाओं का सहयोग सराहनीय रहा, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा – “रचनात्मक कौशल न केवल आत्मनिर्भरता की नींव रखते हैं, बल्कि बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होते हैं। ऐसी कार्यशालाएँ उन्हें सोचने, गढ़ने और अपनी पहचान बनाने का अवसर देती हैं। मारवाड़ी युवा मंच का प्रयास है कि प्रत्येक छात्रा किसी न किसी कौशल में दक्ष हो, ताकि वह आने वाले समय में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।”
कार्यशाला का अगला सत्र 1 अगस्त को प्रातः 9 बजे आयोजित होगा, जिसमें छात्राओं को “टाई एंड डाई” फैब्रिक डिजाइनिंग की कला सिखाई जाएगी।
“रचनात्मकता, संस्कार और स्वावलंबन की ओर एक और सार्थक प्रयास…”
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

