
धनबाद(DHANBAD): कोसोफ ट्रस्ट के सौजन्य से धनबाद स्थित पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसका नेतृत्व उदय कुमार गुप्ता ने किया। संस्था के संस्थापक-अध्यक्ष रामबचन प्रियदर्शी ने बताया कि हरित-भारत अभियान की शुरुआत बड़ौदा से हुई थी और अब यह पूरे देश में स्वच्छ व हरा-भरा वातावरण के संकल्प के साथ संचालित हो रहा है।
प्रियदर्शी ने कहा कि सड़क निर्माण, अवैध कटान और रोजगार के नाम पर तेजी से हो रही पेड़ों की कटाई ने पर्यावरण को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल भी करती है ताकि वे फलदार और मजबूत बन सकें। कोरोना महामारी ने ऑक्सीजन के महत्व को उजागर किया है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने नाम से कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंदू परंपरा में अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी की आवश्यकता होती है, ऐसे में पेड़ लगाना और उनका संरक्षण भविष्य के लिए जिम्मेदारी भी है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना रहा। ट्रस्ट का मानना है कि यदि हर व्यक्ति एक पेड़ लगाए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में कुणाल पाण्डेय, नितेश कुमार गुप्ता, उदय कुमार गुप्ता, पूनम, कुलेश्वर, डेरालाल, नागदेव जोगी सहित कई स्थानीय लोग शामिल हुए।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

