अवैध जुआ, सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई
केंद्र ने 300 वेबसाइट व ऐप ब्लॉक किये
एजेंसियां,
नई दिल्ली(NEW DELHI): केंद्र सरकार ने अवैध जुआबाजी और सट्टेबाजी वेबसाइटों पर सख्ती दिखाते हुए उन पर शिकंजा कसा है। सरकार ने 300 ऐसी अवैध जुआ और सट्टेबाजी वेबसाइट्स को ब्लॉक कर दिया है। ब्लॉक की गई वेबसाइट और ऐप ऑनलाइन स्पोर्ट्स सट्टेबाजी मंच, ऑनलाइन कैसीनो और सट्टा बाजारों की तरह काम करने वाले प्लेटफॉर्म से संबंधित हैं। सूत्रों ने बताया कि सट्टा/मटका, जुआ नेटवर्क और ‘रियल-मनी’ कार्ड एवं कैसीनो गेम ऐप पर भी कार्रवाई की गई है। अब तक ऐसी लगभग 8,400 वेबसाइट को ब्लॉक किया जा चुका है, जिनमें से अधिकांश (लगभग 4,900) ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम पारित होने के बाद ब्लॉक की गई हैं। इससे पहले जनवरी में भी सरकार ने 242 अवैध जुआबाजी और सट्टेबाजी वेबसाइट पर लगाम कसते हुए इन्हें ब्लॉक कर दिया था।
इस तरह के ऐप और वेबसाइट पर की गई कार्रवाई
जो वेबसाइट ऑनलाइन सट्टेबाजी वाले गेम्स प्लेटफॉर्म के तौर पर काम कर रही हैं।
जो ऑनलाइन कैसीनो प्लेटफॉर्म, स्लॉट, लाइव डीलर टेबल की पेशकश करते हैं।
जो वेबसाइट सट्टा/मटका जुआ नेटवर्क से संबंधित हैं।
रियल-मनी कार्ड और कैसीनो गेम वाली वेबसाइट्स और ऐप्स।
जो सट्टेबाजी एक्सचेंज पी-2-पी सट्टेबाजी बाजारों की तरह काम कर रहे हैं।
इन कारणों से सरकार कर रही सख्ती
सरकार ने ऑनलाइन सट्टा और जुआ खिलाने वाले अवैध प्लेटफॉर्म पर शिकंजा इसलिए कसा क्योंकि ये मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में भी लिप्त पाए जाने लगे थे और साइबर अपराधों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। अक्सर इन वेबसाइट्स को विदेशी सर्वर से संचालित होने की रिपोर्ट मिलती है और ये आम नागरिकों के साथ वित्तीय धोखाधड़ी के खतरे को भी बढ़ाते हैं। इसलिए ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी वाले अवैध गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सरकार ने लगाम लगाई है और फिर से कड़ा संदेश दिया है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से यह कदम उठाया गया है और ऐसी अवैध गेमिंग वेबसाइट्स और ऐप्स पर पाबंदी लगाई है, जो देश के आम नागरिकों को जुए और सट्टे की तरफ धकेल रही थीं और इनकी वजह से उन्हें वित्तीय नुकसान भी हो रहा था।
NEWSANP के लिए राणा प्रताप की रिपोर्ट

