
धनबाद(DHANBAD): केंदुआडीह क्षेत्र में चल रहे गंभीर गैस रिसाव की समस्या को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान धनबाद के विधायक राज सिन्हा ,उपायुक्त आदित्य रंजन,SSP प्रभात कुमार ,बीसीसीएल DT संजय कुमार सिंह,समेत दर्जनों अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
निरीक्षण में अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र, सुरक्षा इंतजाम और अब तक की गई तैयारियों का जायजा लिया। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया कि इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर काम करेंगी। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से गैस रिसाव को नियंत्रित करने, प्रभावित लोगों को राहत देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जा रही है।
प्रशासन ने स्थानीय जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही क्षेत्र में निगरानी लगातार जारी है ताकि स्थिति जल्द से जल्द सामान्य हो सके।
NEWS ANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

