मध्य प्रदेश(MADHYA PRADESH): मध्य प्रदेश के खंडवा के कोंडावत गांव में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। हर साल की तरह इस बार भी गणगौर माता के जवारों का विसर्जन होना था, लेकिन इससे पहले गांव के पुराने कुएं की सफाई के दौरान ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव के 150 साल पुराने सार्वजनिक कुएं की सफाई के लिये उतरे 8 लोगों की मौत हो गई। शुरूआती जांच में सामने आया कि कुएं के अंदर जमा मीथेन गैस की वजह से सभी का दम घुट गया और वे बाहर नहीं निकल सके। जैसे ही हादसे की खबर फैली, पूरे गांव में तहलका मच गया।
गांव में पसरा मातम
इस हादसे ने गांव के लोगों को सदमे में डाल दिया है। मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस कुएं का वर्षों से मूर्ति और जवारे विसर्जन के लिये उपयोग किया जाता रहा है, लेकिन पहले कभी ऐसा हादसा नहीं हुआ। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। कलेक्टर ने भरोसा दिया कि इस मामले की गहन जांच होगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों। अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे यह भी जांच करें कि यह कुआं उपयोग के लायक था या नहीं।
NEWSANP के लिए मध्य प्रदेश से ब्यूरो रिपोर्ट

