कांग्रेस पाकिस्तान की सेना और आतंकवादियों को सप्लाई कर रही ऑक्सीजन : भाजपा…

कांग्रेस पाकिस्तान की सेना और आतंकवादियों को सप्लाई कर रही ऑक्सीजन : भाजपा…

नई दिल्ली(NEW DELHI) : भाजपा ने कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी के बीते शुक्रवार के बयान पर आपत्ति जताते हुए कठोर टिप्पणी की है। भाजपा ने आज यानी शनिवार को कहा कि कांग्रेस हर समय और हर मौके पर पड़ोसी पाकिस्तान के आतंकवादियों और वहां की सेना को ऑक्सीजन सप्लाई करती है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भले ही आतंकी हमलों को कांग्रेस गंभीरता से न लेती हो, भले ही देश की जनता की भावनाओं को कांग्रेस, राहुल गांधी और सोनिया गांधी न समझते हों। मगर उन्हें यह अधिकार नहीं है कि देश की सेना के मनोबल को बार-बार गिराएं। देश की संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ करें। उन्होंने कहा कि पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमले से पूरे देश में गम का माहौल है।

उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग में कुछ प्रस्ताव पारित हुए। इसके फौरन बाद कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसे महत्वपूर्ण राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने संबोधित किया। चन्नी ने इस दौरान 2019 के पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ की गई भारत की सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए। पात्रा ने कहा कि चन्नी ने अपने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक हुई ही नहीं। भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान में खलबली मच गई थी। पाकिस्तान के तमाम मंत्रियों ने इसे स्वीकार भी किया है। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के मंत्री और सेना के अधिकारी अभी भी कह रहे हैं कि फिर से सर्जिकल स्ट्राइक न हो जाए।

संबित पात्रा ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या ऐसे बयान भारत की सेना और वायुसेना के मनोबल को नहीं गिराते? उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोई भी ऐसा अवसर नहीं छोड़ती, जिसमें पाकिस्तान की सेना, सरकार और आतंकवादियों को ऑक्सीजन सप्लाई न होती हो। बाहर से वे स्वयं को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के रूप में प्रस्तुत करते हैं, लेकिन अंदर से वे पाकिस्तान कार्य समिति (पीडब्ल्यूसी) की तरह काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की संसद में पीटीआई सीनेटर सैफुल्लाह अब्रो ने कहा कि पूरा भारतीय विपक्ष पहलगाम हमले की निंदा कर रहा है, चाहे वह दिल्ली की आम आदमी पार्टी हो या उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी। कोई भी मोदी का समर्थन नहीं कर रहा है, हर कोई उनका विरोध कर रहा है। वे कह रहे हैं कि मोदी हमेशा से मुसलमानों के खिलाफ रहे हैं और अब उन्हें कोई छुपने नहीं देगा। पाकिस्तान की संसद में अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल की तारीफ हो रही है। तो राहुल गांधी ने सोचा कि पीछे क्यों रहें? इसलिए उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए मजबूर किया। चन्नी (कांग्रेस) की अब पाकिस्तान में तारीफ हो रही है।

बता दें कि चन्नी ने कल यानी शुक्रवार को कहा था,” आपके देश पर कोई बम गिरा जाए और आपको पता न चले, कहीं कुछ नहीं हुआ था, कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई थी, किसी को पता नहीं चली, कुछ नहीं दिखा और मैंने तो हमेशा इसका सबूत मांगा है।”

NEWSANP के लिए नई दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *