मुंबई(MUMBAI) : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस और राकांपा ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची शनिवार को जारी कर दी। भाजपा ने 22 उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी ने दो मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। कांग्रेस ने 23 जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाले राकांपा ने 22 उम्मीदवार उतारे हैं। राकांपा ने पहली सूची में 45 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। भाजपा की सूची में छह मौजूदा विधायकों के नाम हैं। विधान परिषद के दो सदस्यों को भी टिकट मिला है। भाजपा ने इससे पहले 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। भाजपा अब तक 121 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस ने अपनी सूची में नागपुर साओनेर सीट से सुनील केदार की पत्नी अनुजा को मैदान में उतारा है। सुनील को नागपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक घोटाले में दोषी ठहराए जाने के बाद छह साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। सुरेश भोयर प्रदेश भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे..
NEWSANP के लिए मुंबई से ब्यूरो रिपोर्ट

