धनबाद(DHANBAD): धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने धनबाद नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद चुनाव में भाग लेने वाले सभी मतदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि धनबाद नगर निगम चुनाव में कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी शमशेर आलम तथा चिरकुंडा नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मालती देवी को जनता ने जिस उत्साह के साथ अपना समर्थन एवं आशीर्वाद प्रदान किया है, वह लोकतंत्र के प्रति जनता की जागरूकता और विश्वास का प्रतीक है।
सिंह ने कहा कि इस चुनाव में धनबाद की देवतुल्य जनता ने यह साबित कर दिया है कि मोहल्ले का बेटा, गरीब परिवार से आने वाला व्यक्ति भी महल वालों के सामने मजबूती से खड़ा हो सकता है, जब जनता का साथ और आशीर्वाद उसके साथ हो। यह जनसमर्थन सामाजिक न्याय और समान अवसर की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रारंभिक रुझान यह संकेत दे रहे हैं कि दोनों ही स्थानों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं और जीत की ओर अग्रसर हैं। यह जनता के विश्वास और कांग्रेस की नीतियों पर भरोसे का स्पष्ट प्रमाण है।
सिंह ने कहा कि धनबाद की जनता ने अपने बहुमूल्य मत का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने का कार्य किया है, जिसके लिए वे सभी मतदाताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता का यह स्नेह एवं समर्थन क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता एवं जनहित के कार्यों को और गति देगा। कांग्रेस पार्टी सदैव जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

