धनबाद(DHANBAD): शादी समारोह में गीत गाने गए कलाकार के साथ मारपीट के विरोध में गुरुवार को बड़ी संख्या में धनबाद के कलाकार रणधीर वर्मा चौक स्थित गांधी सेवा सदन में एकत्रित हुए। सभी ने आरोपी दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, शादी विवाह में गीत गाने वाले कलाकार रोबिन दास को एक समारोह में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब उन्होंने अपने पारिश्रमिक की मांग की, तो दूल्हे पक्ष ने पैसे देने से इनकार कर दिया। पैसे की मांग पर दबाव डालने पर दूल्हा टिंकू दास और उसके परिजनों ने मिलकर रोबिन दास की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के विरोध में कलाकारों ने एकजुट होकर न केवल दोषियों पर कार्रवाई की मांग की बल्कि पुलिस प्रशासन पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। घायल कलाकार की पत्नी मीरा देवी भी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने न्याय की गुहार लगाई।
इस मामले में गोविंदपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कलाकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

