धनबाद(DHANBAD ): झारखंड की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार ने विधानसभा में पेश किए गए अबुआ दिशोम बजट में धनबाद को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने 12 एकड़ जमीन पर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल निर्माण का प्रावधान किया है। इस घोषणा के साथ लंबे समय से लंबित परियोजना को हरी झंडी मिल गई है, जिससे धनबाद और आसपास के जिलों की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
कतरास स्थित लिलोरी स्थान मंदिर के पास एनएच-32 से सटी 12 एकड़ जमीन पर आधुनिक बस टर्मिनल विकसित किया जाएगा। यह जमीन नगर निगम को पहले ही हस्तांतरित की जा चुकी थी, लेकिन बजट स्वीकृति के अभाव में योजना अटकी हुई थी। अब बजट में शामिल होने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
प्रस्तावित टर्मिनल से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर राजगंज स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-2 है, जो कोलकाता और नई दिल्ली जैसे महानगरों से सीधा संपर्क प्रदान करता है। वर्तमान बरटांड़ बस स्टैंड से नए टर्मिनल की दूरी करीब 20 किलोमीटर होगी। टर्मिनल बनने के बाद लंबी दूरी की बसों को शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होगा।
इस परियोजना से बोकारो और पुरुलिया समेत आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बस संचालन अधिक व्यवस्थित होगा। साथ ही कतरास, श्यामडीह, काको और राजगंज क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कारोबार को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सरकार का मानना है कि यह परियोजना धनबाद को एक आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

