धनबाद(DHANBAD): बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कतरासगढ़ के राजागढ़ गांव के ग्रामीणों को लंबे समय बाद राहत मिली है। विगत कई महीनों से खराब ट्रांसफॉर्मर और जर्जर विद्युत तारों के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप थी, जिससे स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे थे। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक श्री शत्रुघ्न महतो ने त्वरित पहल की।
माननीय विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराने और संपूर्ण विद्युत तारों को बदलवाने के निर्देश दिए। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज राजागढ़ में नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया तथा सभी तारों को बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए जब विधायक स्वयं राजागढ़ पहुंचे, तो ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया और आभार प्रकट किया। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक महतो हमेशा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हैं और समय पर समाधान भी करते हैं। इस नई सौगात से पूरे गांव में खुशी की लहर है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

