1019 बूथों पर सुदृढ़ रही सुरक्षा व्यवस्था, भारी पुलिस बल की तैनाती में संपन्न हुआ मतदान
मतदान के बाद रूट सैनिटाइज कर कड़ी सुरक्षा में राजकीय पॉलिटेकनिक रिसीविंग सेंटर में जमा हुईं मतपेटियां
कंट्रोल रूम से सतत निगरानी, वरीय अधिकारियों के भ्रमण से भयमुक्त माहौल में पूरा हुआ चुनाव
धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय चुनाव जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। पूरे जिले के 1019 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न कराया गया। शाम 5 बजे तक कुल 4,45,494 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने वोट डाले।
मतदान के बाद रूट सैनिटाइज, भारी सुरक्षा में मतपेटियां जमा
मतदान संपन्न होने के बाद सुरक्षाबलों ने विभिन्न संवेदनशील रूटों को पूरी तरह सैनिटाइज किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियों को सुरक्षित रूप से राजकीय पॉलिटेकनिक स्थित रिसीविंग सेंटर में जमा कराया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष निगरानी रही और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई।
तीन हजार से अधिक पुलिस बल तैनात, कंट्रोल रूम से सतत निगरानी
पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान करीब 3 हजार पुलिसकर्मी और अधिकारियों की तैनाती की गई थी। क्यूआरटी (QRT) की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमणशील रहीं। धनबाद झरिया कतरास और चिरकुंडा में अतिरिक्त रिजर्व बल की भी तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार पूरे समय स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। पुलिस कंट्रोल रूम से प्रत्येक बूथ की गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी कतरास क्षेत्र में, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव झरिया में तथा प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा धनबाद के विभिन्न मतदान केंद्रों पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक की घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे जिले में मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। पुलिस की सतर्कता और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के कारण कहीं भी कोई गंभीर घटना नहीं हुई।
शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान संपन्न कराने में सहयोग के लिए एसएसपी महोदय ने धनबाद जिले के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

