औद्योगिक विकास के लिए ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जरूरी…

औद्योगिक विकास के लिए ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जरूरी…

दिल्ली(DELHI):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हरियाणा के यमुनानगर में आयोजित एक कार्यक्रम में देश के औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बिजली देश की उन्नति का आधार है और औद्योगिक विकास, एमएसएमई सेक्टर की तरक्की तथा विश्वस्तरीय उत्पादों के निर्माण के लिए देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना अनिवार्य है। उन्होंने दीनबंधु चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्रोजेक्ट की तीसरी इकाई की शुरुआत करते हुए कहा कि इससे यमुनानगर को विशेष रूप से लाभ होगा, जहां प्लाईवुड, एल्युमिनियम, कॉपर और पीतल के बर्तनों का निर्माण बड़े पैमाने पर होता है। साथ ही पेट्रोकेमिकल सेक्टर में भी यह क्षेत्र अग्रणी है। बिजली की उपलब्धता बढ़ने से इन सभी उद्योगों को मजबूती मिलेगी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार चौतरफा प्रयास कर रही है ताकि देश में बिजली की कोई कमी न रहे और राष्ट्र निर्माण में ऊर्जा की कोई बाधा उत्पन्न न हो। इसके लिए कोयला आधारित पावर प्लांट, सौर ऊर्जा और न्यूक्लियर सेक्टर के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यमुनानगर को भारत के औद्योगिक नक्शे का एक अहम हिस्सा बताया और कहा कि यह क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। उन्होंने कहा कि जब वह हरियाणा के प्रभारी थे, तब यमुनानगर में उनका आना-जाना लगा रहता था और यहां के कार्यकर्ताओं से उनके पुराने संबंध हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा लगातार तीसरी बार डबल इंजन की सरकार देख रहा है और अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में इसे ‘ट्रिपल सरकार’ की संज्ञा दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित हरियाणा हमारा संकल्प है और इसी संकल्प को सिद्ध करने के लिए हमारी सरकार तेज गति और बड़े पैमाने पर काम कर रही है। आज शुरू हुई विकास परियोजनाएं इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

NEWSANP के लिए दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *