गिरिडीह सांसद ने केंद्रीय काेयला एवं खान मंत्री से मिलकर की मांग
खरखरी कोयला परियोजना में हुए गोलीकांड की भी दी जानकारी, कहा-जांच में उदासीन है कोल इंडिया
गिरिडीह(GIRIDIH):गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी से झारखंड की कोयला परियोजना को लेकर पूर्णकालिक न्यायाधिकरण का गठन करने की वकालत की है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को इस बात से अवगत कराया कि जिस प्रकार ओडिशा राज्य के तालचर कोल परियोजना को लेकर पूर्णकालिक न्यायाधिकरण गठन करने का निर्णय लिया गया है और इससे संबंधी आदेश भी जारी कर दिया गया है। इसी प्रकार झारखंड में भी कोयला परियोजना को लेकर पूर्णकालिक न्यायाधिकरण बनाने जरूरत है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को इस बात से भी अवगत कराया कि झारखंड
के 7 जिलों में अशंकालिक न्यायाधिकरण का गठन तो किया गया है मगर यह न्यायाधिकरण अब तक क्रियाशील नहीं है। इसको देखते हुए पूर्णकालिक न्यायाधिकरण का गठन किया जाना झारखंड व
झारखंडियों के हित में होगा। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर ही जहां कोयला क्षेत्र में सुधार हो सकेगा वहीं विस्थापित परिवारों को न्याय एवं अधिकार भी प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कोयला क्षेत्र के विस्थापितों द्वारा पूर्ण कालिक न्यायाधिकरण की मांग की जा रही है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री का ध्यान बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र के खरखरी कोयला परियोजना में हुई गोलीकांड व कोयला चोरी को लेकर कोल इंडिया की उदासीन रवैया की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर पुलिसिया जांच में कई बातें सामने आई है बावजूद इसके कोल इंडिया प्रबंधन का इस पर गंभीर नहीं होना कई संदेह भी पैदा करता है।
नियमों की खुलेआम अनदेखी कर ग्रामीणों की रेयती भू भाग का बगैर अधिग्रहण कर चारदीवारी निर्माण का अवैध कब्जा प्रयास किया गया। यही नहीं हमारे आवासीय कार्यालय को भी आगे के हवाले कर दिया गया और यह सारा कुछ संबंधित परियोजना के जीएम के मनमानी पूर्ण रवैया, अव्यावहारिक कार्यशैली व खुलेआम नियमों की अवहेलना करने की वजह से हुआ। इन सब की जानकारी के बावजूद इस घटना पर कोल इंडिया प्रबंधन की ओर से अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं करना कोल इंडिया की कार्यशैली को ही दर्शाता है। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री ने मिलने आए गिरिडीह सांसद की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद इस मामले में शीघ्र समुचित कार्रवाई करने को लेकर आश्वस्त किया।
NEWSANP के लिए गिरिडीह से विनोद से ब्यूरो रिपोर्ट

