धनबाद(DHANBAD): एस.जे.ए.एस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने एक बार फिर एक तोपचाची स्थित फल व्यवसायी की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मरीज की सफल सर्जरी कर जान बचाई। इस घटना में, मरीज को दाहिनी जबड़े के पिछले हिस्से में गोली लगी थी, जिससे जबड़े की हड्डी में कई फ्रैक्चर हो गए और गर्दन में दो बड़ी रक्त वाहिकाओं को भी नुकसान हुआ। इसके बावजूद, मरीज की मुख्य रक्त वाहिका (कैरोटिड आर्टरी) केवल 2 सेंटीमीटर की दूरी पर होने के बावजूद सुरक्षित बच गई।
घटना के बाद मरीज को तुरंत धनबाद के एस.जे.ए.एस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रक्तस्राव के कारण उसे 2 यूनिट रक्त चढ़ाया गया। मरीज की हालत की गंभीरता को देखते हुए एस.जे.ए.एस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के बुलेट विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने त्वरित ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी शुरू की, जहां रक्त वाहिकाओं से हो रहे रक्तस्राव को बंद किया और हड्डी के छोटे-छोटे टुकड़ों को बाहर निकाला। सर्जरी के बाद सी.टी. स्कैन से यह सुनिश्चित किया गया कि कोई सक्रिय रक्तस्राव वाली रक्त वाहिका या हड्डी का टुकड़ा बचा नहीं हो। ऑपरेशन के बाद मरीज को एक ड्रेनेज ट्यूब में रखा गया, ताकि शेष रक्त बाहर निकल सके।
सर्जरी के सफल होने के बाद मरीज को 4 दिनों के अंदर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और अब मरीज का जीवन सामान्य हो गया है और वह अपने परिजनों से बातचीत करने में एवं सामान्य जिंदगी जीने के लिए सक्षम है।
एस.जे.ए.एस हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा, “हमारा अस्पताल एक बार फिर गोली लगने से घायल मरीज की जान बचाने में सफल रहा। यह सर्जरी न केवल हमारी टीम की उत्कृष्टता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि अब धनबाद में भी गंभीर परिस्थितियों में इलाज संभव है। मरीज की स्थिति इतनी गंभीर थी कि अगर वह एस.जे.ए.एस हॉस्पिटल नहीं आता, तो उसकी जान जा सकती थी। सही समय पर और सही तरीके से चिकित्सा सहायता मिलने से जीवन बचाया जा सकता है। हमारी पूरी टीम ने इस गंभीर स्थिति में बेहतरीन प्रयास किए और मरीज को बचा लिया। हम भविष्य में भी ऐसे जटिल मामलों में निरंतर उत्कृष्टता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

